सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एमएसपी को लेकर भाजपा से सवाल दागा है। उन्होंने ट्वीट किया है, भाजपा बताए कि उनके दिखावटी सदस्यता अभियान की तरह एमएसपी पाने के लिए भी कोई मिस्ड कॉल नंबर होगा क्या?
अब किसान हर गांव में भाजपा का खेत खोदकर इन्हें जड़ से उखाड़कर बताएंगे कि कैसे न्यूनतम समर्थन के धोखे के बदले वो इनके विरुद्ध ‘अधिकतम विरोध’ कर भाजपा का ही दाना-पानी बंद कर देंगे। एक अन्य ट्वीट में अखिलेश ने कहा, भाजपा ने राज्यसभा व विधान परिषद में बिना बहुमत ध्वनिमत के झूठ से बिल पास करवाकर लोकतंत्र हत्या की है। किसान की जमीन व फसल पर आंख गड़ाए बैठे भाजपाई भले छल कर लें, लेकिन किसान और नौजवान अब गांव-सड़क पर ‘भाजपा-बहिष्कार’ का मन बना चुके हैं, जो आज सपा के तहसील स्तरीय धरने में दिखा।
बिहार चुनाव में राजद उम्मीदवारों का समर्थन करेगी सपा
समाजवादी पार्टी ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवारों का समर्थन करने का एलान किया है। पार्टी के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल पर जानकारी दी गई है कि सपा किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी।