लखनऊ। शाहजहांपुर में तैनात सिपाही की पत्नी शनिवार को विधान भवन के गेट नंबर एक के सामने आत्मदाह करने पहुंच गई। पेट्रोल की बोतल निकालते समय महिला पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया। अपने मायके इटावा से आई पीड़ित महिला का आरोप है कि उसने अपने सिपाही पति पर प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था लेकिन उसकी गिरफ्तारी न होने से वह क्षुब्ध है। महिला के साथ उसकी बेटी और एक अन्य महिला भी थी। सिपाही की पत्नी समेत तीनों को हजरतगंज कोतवाली ले जाकर मामले की जानकारी शाहजहांपुर व इटावा पुलिस को दी गई है।
हजरतगंज इंस्पेक्टर श्यामबाबू शुक्ल ने पूछताछ की तो महिला ने बताया कि वह इटावा के जसवंतनगर थाना क्षेत्र के बलियापुर गांव की रहने वाली सुषमा है। उसकी शादी कई साल पहले अलीगढ़ निवासी पवन कुमार से हुई थी। पुलिस महकमे में सिपाही पवन की शाहजहांपुर में तैनाती है। सुषमा का आरोप है कि पति पवन कुमार उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने के साथ ही आए दिन पीटता था। उसने बेटी को भी प्रताड़ित किया। इसके बाद सुषमा को बेटी समेत पीटकर घर से निकाल दिया।
सुषमा ने बताया कि उसने शाहजहांपुर सदर कोतवाली में पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अफसरों से गुहार भी लगाई मगर पति की गिरफ्तारी नहीं हो रही है। सुषमा का आरोप है कि पति लगातार उसे धमका रहा है मगर शाहजहांपुर पुलिस उसे संरक्षण दे रही है। इसी से क्षुब्ध होकर वह आत्मदाह करने विधानभवन पहुंची थी। हजरतगंज इंस्पेक्टर श्यामबाबू शुक्ल ने बताया कि शाहजहांपुर व इटावा पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है। शाहजहांपुर पुलिस से कार्रवाई को भी कहा गया है। सुषमा के परिवारीजनों को सूचना देकर बुलाया गया है। सुषमा को उनके सुुपुर्द कर घर भेज दिया जाएगा।