रायबरेली। नगर पालिका की अनदेखी का खामियाजा श्याम नगर के लोगों को झेलनी पड़ रही है। तालाब की सिल्ट नाली और नाले में भरने से वे चोक हो गए हैं। इस कारण मोहल्ले में गली से लेकर घरों में गंदा पानी भरने से लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से परेशान होकर रविवार को मोहल्लावासियों ने प्रदर्शन कर गुस्से का इजहार किया।
मोहल्ला श्याम नगर वार्ड-17 में दो माह पूर्व सिंचाई विभाग के सामने तालाब की सफाई नगर पालिका ने कराई थी पर सिल्ट को नहीं उठाया। नतीजा यह हुआ कि सिल्ट बहकर नाली और नाले में भर गई और इससे घरों की जल निकासी बंद हो गई। हाल यह है कि घरों का गंदा पानी निकल नहीं रहा है और वह मोहल्ले की गली और लोगो के घरों में भरा है।
मोहल्ले के रहने वाले वीरेंद्र कुमार पांडेय, शिवशंकर शुक्ला, संजय कुमार, मनोज, आशाराम, सोनू, धर्मेंद्र ने बताया कि नाला और नाली चोक होने से घरों में सीवर का पानी भरा है। जिस कारण बदबू से सांस लेना मुश्किल है। समस्या पर मोहल्ले के लोगों ने अव्यवस्था को लेकर प्रदर्शन किया। मामले को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष को शिकायती पत्र दिया गया है। मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी को भी शिकायती पत्र भेजा गया है।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि पिछले दो माह से लगातार नगर पालिका अध्यक्ष, सभासद से शिकायत की जा रही है। वहीं आईजीआरएस पर भी शिकायत की गई, जिस पर सफाई हो जाने की रिपोर्ट भेज दी गई। उधर, ईओ स्वर्ण सिंह ने बताया कि समस्या जल्द दूर कराई जाएगी।