सहकारी समितियों की प्रबंध कमेटी के चुनाव में 1.30 लाख वोटर करेंगे मतदान
18 मार्च को सदस्य और 19 मार्च को सभापति व अन्य पदों का होगा चुनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। साधन सहकारी समितियों की प्रबंध कमेटी के चुनाव को लेकर अंतिम मतदाता सूची का सोमवार को प्रकाशन हो गया। जिले की 165 समितियों में सदस्यों (डायरेक्टरों) के 1489 पदों को लेकर 14 मार्च को परचे भरे जाएंगे। डायरेक्टर के पदों के लिए 18 मार्च और सभापति, उप सभापति, अन्य समितियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव 19 मार्च को होगा।
ब्लॉक मुख्यालयों पर गहमागहमी के बीच बीते शनिवार को समितियों में चुनाव के लिए मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन हुआ था। 12 मार्च को 23 समितियों से संबंधित आपत्तियां आईं। इन आपत्तियों का सोमवार को निस्तारण कराया गया। शाम चार बजे ब्लॉक मुख्यालयों पर मतदाताओं की अंतिम सूची का प्रकाशन कर दिया गया। सदस्य पदों के चुनाव में करीब 1.30 लाख किसान मताधिकार का प्रयोग करेंंगे।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता सुरेंद्र मौर्या ने बताया कि साधन सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी के चुनाव को लेकर ब्लॉक मुख्यालयों पर अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन करा दिया गया है। 14 मार्च को नामांकन, 16 मार्च को नाम वापसी के बाद 18 मार्च को मतदान और मतगणना होगी। सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया ब्लॉक मुख्यालयों पर होगी। मतदान और मतगणना समितियों पर होगी। 19 मार्च को समितियों में सभापति, उपसभापति व अन्य समितियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव संबंधित साधन सहकारी समितियों में कराया जाएगा।