रायबरेली। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में रविवार को दबंग युवक ने एक पत्रकार पर बांके से हमला कर दिया। एक के बाद एक प्रहार करके पत्रकार को घायल कर दिया। हमले में पत्रकार की दाहिने हाथ की दो अंगुली कट गई, जबकि सिर, पेट के पास गंभीर चोट के निशान हुए। घायल पत्रकार को जिला अस्पताल के बाद मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
गुरुबख्शगंज चौराहा निवासी संतोष कुमार शर्मा पेशे से पत्रकार हैं। दोपहर करीब एक बजे चौराहा स्थित नहरिया के पास किसी काम से गए थे। इसी दौरान सतांव गांव का रहने वाले एक युवक ने पीछे से बांके से उन पर हमला बोल दिया। जब तक संतोष कुछ समझ पाते, आरोपी ने बांके से कई प्रहार कर दिए। बांके से हुए हमले में संतोष के दाहिने हाथ की दो अंगुली कट गई। सिर, पेट समेत शरीर के अन्य हिस्से में गंभीर चोट आई और वह खून से लतपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। शोरगुल पर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी युवक फरार हो गया। थानेदार इंद्रपाल सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की। थानेदार ने बताया कि आरोपी युवक को पकड़ लिया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी। पत्रकार के स्वस्थ होने पर ही घटना की सही वजह सामने आ सकेगी।