सरोजनीनगर। बिना वैकल्पिक रास्ता दिए रेलवे अंडरपास का काम शुरू किए जाने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को विरोध जताते हुए काम रुकवा दिया।
सरोजनीनगर में पिपरसंड और अमौसी रेलवे स्टेशन के बीच क्रॉसिंग नंबर -9 के पास गुलाल खेड़ा रेलवे फाटक पर शुक्रवार को अंडरपास के निर्माण शुरू किया गया, लेकिन जैसे ही ठेकेदार ने खोदाई शुरू कराई, ग्रामीण विरोध करने लगे। भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय सिंह चौहान, पिपरसंड ग्राम प्रधान मोहित सिंह, पूर्व प्रधान सोनू सिंह, पूर्व पार्षद राजेंद्र लोधी और सवर्ण युवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील शुक्ला के नेतृत्व में विरोध कर रहे लोगों का कहना था कि उनका गांव आने-जाने का यही मुख्य रास्ता है। इसलिए जब तक उनके आने-जाने की वैकल्पिक व्यवस्था न की जाए, अंडरपास का निर्माण न हो। बाद में ठेकेदार ने वैकल्पिक रास्ता देने तक काम बंद रखने का आश्वासन दिया, तब लोग शांत हुए।