कलकलवा गांव में बना ओवरहेड टैंक।
- फोटो : संवाद
जमुनहा (श्रावस्ती)। हर घर नल से जल योजना जमुनहा क्षेत्र में परवान नहीं चढ़ पा रही है। कार्यदायी संस्था व ठेकेदार की लापरवाही के कारण राप्ती की कछार में बसे ग्रामीण आज भी कम गहराई वाले नल का दूषित जल पी रहे हैं। इसका प्रमाण क्षेत्र के कलकलवा में देखने को मिला।
जमुनहा विकास क्षेत्र का ग्राम कलकलवा राप्ती नदी के कछार मे बसा है। यहां हर घर नल से जल योजना के तहत ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया गया है। जिसके सहारे कलकलवा, भयापुरवा व तिघरवा आदि गांव को जलापूर्ति दी जानी थी। इसका निर्माण पूरा कराने के साथ ही इसका ट्रायल भी कराया गया। ट्रायल सफल होने के बाद आसपास गांव को पानी मिला। लेकिन तिघरवा के लोग योजना के लाभ से वंचित हो गए। इसका कारण गांव में अधूरा पाइप लाइन बिछाना बताया जा रहा है।
ग्राम प्रधान अजय वर्मा ने बताया ग्राम पंचायत में दो राजस्व गांव कलकलवा व तिघरवा शामिल है। ठेकेदार ने तिघरवा में पाइप लाइन बिछाने का कार्य अधूरा छोड़ दिया है। जिससे तिघरवा में जलापूर्ति बाधित है। हमारी ग्राम पंचायत कलकलवा मर्जिनल बांध के किनारे स्थित है। ऐसे में कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण ग्रामीण कम गहराई वाले हैंडपंप का दूषित जल पीने को विवश हैं। वही इस बारे में अधिशाषी अभियंता जल निगम एसएम असजद ने बताया कि योजना के तहत 60 प्रतिशत ही पैसा मिला था जिससे कार्य कराया गया थ। दूसरी किस्त मिलते ही अधूरा कार्य पूरा कराकर आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी। संवाद