बख्शी का तालाब के मल्हीपुर गांव में ग्रामीणों ने महिलाओं के शोर मचाने पर एक अधेड़ को बच्चा चोर समझकर पकड़ा और पीट दिया।
उसके पास बोरे में काफी मात्रा में आधार कार्ड, जाली नोट, बिस्किट के पैकेट, चाकू, हंसिया मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस अधेड़ को थाने ले गई। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, अधेड़ भिखारी है, जिसे बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने पकड़ा था।
मालूम हो कि डींगुरपुर गांव में दो दिन पहले बच्चा चोरी के मामले में ग्रामीणों ने एक महिला को पकड़ा था। इसके बाद से ग्रामीण बच्चों को लेकर डरे हुए हैं।
शुक्रवार को मल्हीपुर गांव में ऐसी ही घटना सामने आई। अधेड़ एक बच्ची का हाथ पकड़कर ले जा रहा था। यह देखकर महिलाओं ने शोर मचाया तो ग्रामीणों ने दौड़ाकर अधेड़ को पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने उसके समान की तलाशी लेनी चाही तो वह भागने लगा। उसके पास से कई आधार कार्ड, जाली और असली नोट, बिस्किट के पैकेट, चार चाकू, हंसिया आदि सामान बरामद हुआ। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।