सलोन (रायबरेली)। विश्व हिंदू परिषद के नेता एवं फर्नीचर व्यवसायी को तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। विहिप नेता की मौत से घर वालों का रोना पिटना मचा है।
सलोन कोतवाली के ग्राम नुरूद्दीनपुर निवासी श्रवण कुमार विश्वकर्मा (40) विश्व हिंदू परिषद में प्रखंड समरसता के पद पर कार्यरत थे। उनकी साहबगंज बाजार स्थित अजीत सिंह का पुरवा के समीप फर्नीचर की दुकान है। गुरुवार को श्रवण घर से पैदल दुकान जा रहे थे। टोला प्लाजा स्थित पुलिया के समीप प्रतापगढ़ से सलोन की तरफ जा रही बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी।
जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक बोलेरो सवार भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के लोग पहुंचे। उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां मृत घोषित कर दिया गया। कोतवाल नारायण कुशवाहा ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाली बोलेरो की तलाश सीसीटीवी कैमरे के जरिए कराई जा रही ही। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।