पानी की बोतल के 15 की जगह 20 रुपये वसूले, विरोध पर यात्री को पीटा
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। चारबाग स्टेशन पर वेंडर ने 15 रुपये वाली पानी की बोतल के 20 रुपये वसूले। यात्री ने विरोध किया तो वेंडर ने उसे पीट दिया। मामले के तूल पकड़ने पर रेलवे प्रशासन ने वेंडर पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाकर उसे हटा दिया। यात्री ने वेंडर के नशे में होने का आरोप भी लगाया। बुधवार रात 12 बजे की इस घटना का यात्री ने वीडियो ट्विटर पर भी शेयर किया है।
राजन कुमार ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर दो पर मल्टीपरपज स्टॉल से उन्होंने पानी की बोतल ली, जिसके 15 रुपये होते हैं। हालांकि, वेंडर ने उनसे 20 रुपये मांगे। उन्होंने बोतल पर प्रिंट रेट की बात करते हुए कहा कि 15 रुपये ही देंगे। इस पर वेंडर ने कहा कि पानी 20 रुपये में ही मिलता है। इसे लेकर कहासुनी के बीच वेंडर के साथी भी आ गए और उन्हें पीट दिया। राजन ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मी ने उनकी मदद करने के बजाय वेंडरों का ही पक्ष लिया। वह ओवरचार्जिंग को वेंडर का हक बताता रहा।
रोजाना होती है कहासुनी
रेलनीर 15 रुपये का बिकता है। हालांकि, अमूमन सभी स्टेशनों पर वेंडर ओवरचार्जिंग करते हैं, जिनकी शिकायतें अनसुनी कर दी जाती हैं। वेंडर पानी ठंडा करने के एवज में पांच रुपये अतिरिक्त मांगते हैं, जबकि प्रिंट रेट से अधिक पर पानी नहीं बेचा जा सकता है।
वेंडर को हटा दिया गया
यात्री की शिकायत पर वेंडर को हटा दिया गया है। अभद्रता के लिए उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार माफ नहीं होगा।
-रेखा शर्मा, सीनियर डीसीएम, उत्तर रेलवे