सरोजनीनगर। बंथरा के मेमौरा छावनी इलाके में स्थित वायुसेना की 505 सिग्नल यूनिट में बुधवार सुबह वायु सैनिक ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। पुलिस व वायुसेना की अब तक की जांच में खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटनास्थल से सुसाइड नोट भी नहीं मिला।
पुलिस के मुताबिक मूल रूप से तमिलनाडु के मदुरई जिले में पोन्नग्राम, प्रथम गली निवासी वायु सैनिक विग्नेस सुंदर (22) की करीब दो साल पहले मेमौरा की 505 सिग्नल यूनिट में तैनाती हुई थी। वह एयरफोर्स स्टेशन परिसर के सरकारी आवास में रहता था। फ्लाइंग अफसर अहुल सोमन ने पुलिस को बताया कि विग्नेश की मंगलवार शाम पांच बजे से संक्रिया कक्ष के मुख्य गेट के गार्ड पोस्ट पर बतौर संतरी ड्यूटी थी। बुधवार सुबह करीब नौ बजे यहीं पर विग्नेश ने अपनी सर्विस राइफल से माथे पर गोली मार ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वायुसेना के अफसरों के सूचना देने के बाद उसके परिवारीजन लखनऊ के लिए रवाना हो चुके हैं।
माथे से आर-पार हो गई गोली
शुरुआती जांच में सामने आया कि विग्नेश ने राइफल को माथे से सटाकर गोली मारी, जो आर-पार हो गई। राइफल को जांच के लिए सीज कर दिया गया है। फिंगर प्रिंट लिए गए हैं। परिवारीजन के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम होगा। पुलिस का कहना है कि परिवारीजन से बातचीत के बाद शायद खुदकुशी की वजह का पता चल सके।
सैनिक का जब्त किया था मोबाइल
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जहां विग्नेश की ड्यूटी लगी थी, वहां पर मल्टीमीडिया फोन ले जाना, फोटो खींचना प्रतिबंधित है। दो दिन पहले विग्नेश वहां अपना मल्टीमीडिया फोन ले गया था। जानकारी के मुताबिक उसने वहां की तस्वीरें भी खींची थीं। इसकी जानकारी पर अफसरों ने उसका फोन जब्त कर फटकार भी लगाई थी। आशंका है कि कहीं इसी वजह से तो नहीं उसने खुदकुशी कर ली। डीसीपी साउथ विनीत जायसवाल ने कहा कि वायु सैनिक के खुदकुशी करने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ। आगे की जांच व अन्य कार्रवाई उसके परिवारीजन के आने के बाद होगी।