सैनिक इंटर कॉलेज की नई बिल्डिंग में तोड़फोड़
लखनऊ। सरोजनीनगर स्थित पीएम श्री राजकीय सैनिक इंटर कॉलेज की नई बिल्डिंग में असामाजिक तत्वों ने तोड़फोड़ कर नुकसान कर दिया। कॉलेज के प्रधानाचार्य अभिषेक राजभर ने इस संबंध में सरोजनीनगर के थानाध्यक्ष को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। प्रधानाचार्य के अनुसार, कॉलेज की नई बिल्डिंग का निर्माण पिछले साल कराया गया था। अज्ञात व असामाजिक तत्वों ने कमरों के ताले और खिड़कियां तोड़कर इलेक्ट्रिक बोर्ड व स्विच उखाड़ लिए। ट्यूबलाइट्स को भी तोड़ दिया। बाथरूम का ताला तोड़कर सीटों को क्षतिग्रस्त कर दिया। मल्टीपर्पज हॉल की खिड़कियों के शीशे व दरवाजे तोड़ दिए। पंखे व स्विच कबाड़ कर उखाड़ लिए। दूसरी ओर राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में कॉलेज के कुछ छात्रों ने ही चोरी की। चोरी की घटना सीसी टीवी कैमरे में कैद हुई है। प्रधानाचार्य सुमित श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है।