लखनऊ। लखनऊ सैन्य स्टेशन में आयोजित बास्केटबॉल प्रतियोगिता में मुख्यालय मध्य उत्तर प्रदेश सब एरिया मुफ्सा ने बाजी मारी। रोमांचक मुकाबले में उत्साह देखने को मिला। टूर्नामेंट में कमांड ट्रूप्स यूनिट उपविजेता रही। मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में सैन्य स्टेशन की विभिन्न इकाइयों के अधिकारियों और सैनिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने न केवल उच्च स्तरीय खेल कौशल और अनुशासन दिखाया, बल्कि तकनीकी दक्षता व दृढ़ संकल्प का भी शानदार परिचय दिया। इस खेल आयोजन का मुख्य उद्देश्य सैनिकों के बीच शारीरिक दक्षता, आपसी सामंजस्य, सौहार्द और टीम भावना को और अधिक मजबूत करना था। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि मध्य कमान के सेनाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता रहे। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।