लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में जल्द ही बिना चीरा लगाए मूत्राशय के ट्यूमर का इलाज किया जा सकेगा। इसके लिए संस्थान में 90 लाख रुपये से आधुनिक तकनीक वाली थुलियम फाइबर लेजर मशीन खरीदी जा रही है। इससे ट्यूमर तथा गुर्दे की पथरी का इलाज बिना चीरा हो सकेगा। थुलियम फाइबर लेजर नई तकनीक है। पुरानी लेजर तकनीक के मुकाबले यह चार गुना ज्यादा प्रभावी है। यिट्रियम-एल्यूमीनियम-गार्नेट लेजर के मुकाबले थुलियम फाइबर लेजर मशीन में न्यूनतम रक्तस्राव होता है। ट्यूमर से एक सेंटीमीटर दूर रखकर इस लेजर का उपयोग किया जाता है। यह पथरी और ट्यूमर को टुकड़ों में तोड़ देती है। इसके बाद मूत्र के रास्ते यह बाहर आ जाते हैं। इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि ऑपरेशन के कुछ घंटे बाद ही कैथेटर समेत मरीज घर जा सकता है। अगले दिन कैथेटर भी निकाल दिया जाता है। इस तरह से मरीज पूरी तरह से सामान्य जीवन जीता है।