लखनऊ। कृष्णानगर के लाला खेड़ा में बुधवार को जमीन पर कब्जे को लेकर बवाल हो गया। एक पक्ष जेसीबी और कई ट्रैक्टर लेकर जमीन पर कब्जा करने पहुंच गया। इस पर दूसरे पक्ष ने विरोध किया। फिर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने चार लोगों को मौके से गिरफ्तार कर दोनों पक्षों के कुल 70 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है।
लाला खेड़ा के किसान सुभाष चंद्र के मुताबिक गांव में उनकी आठ बीघा पैतृक जमीन है। गांव निवासी अधिवक्ता शोभराज यादव का दावा है कि सुभाष की चाची तपेश्वरी ने आठ बीघा में से चार बीघा जमीन की उनके नाम वसीयत की है। इसलिए शोभराज बुधवार को जमीन पर साफ-सफाई कराने के लिए जेसीबी और सात-आठ ट्रैक्टर लेकर पहुंचे थे। इसकी जानकारी होते ही सुभाष आठ-दस साथियों के साथ पहुंच गए। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। शोभराज की तरफ से वकील की ड्रेस में 40-50 लोग थे। लिहाजा खूब उत्पात मचाया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सुभाष व शोभराज समेत चार लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया। सभी के खिलाफ शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की गई। इसके साथ ही एफआईआर दर्ज की गई। सुभाष का कहना है मामला कोर्ट में विचाराधीन है, इसके बावजूद शोभराज जमीन पर कब्जा करने पहुंच गए।
सुभाष की तहरीर पर शोभराज, रामविलास यादव, प्रदीप, शिवम, रामलखन और 50 अज्ञात पर बलवा व गालीगलौज की धारा में केस दर्ज किया गया। वहीं, शोभराज की तहरीर पर विजय यादव, राकेश यादव, विक्रम, प्रेमचंद्र व सुभाष के अलावा 10 अज्ञात पर मारपीट, बलवा, गालीगलौज की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी जेल भेजे गए हैं। अन्य की तलाश के साथ ही मामले की जांच की जा रही है।