लखनऊ। मड़ियांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती पूर्व पार्षद रवि पाल उर्फ भीखा की बृहस्पतिवार को मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने डाॅक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची मड़ियांव पुलिस ने परिजनों की मांग पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मड़ियांव इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्र ने बताया कि बीकेटी के भैंसामऊ निवासी पूर्व सभासद रवि पाल उर्फ भीखा (45) को किडनी की समस्या के चलते मंगलवार को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी पत्नी आरती पाल ने बताया कि मंगलवार को डॉक्टर ने पति की एक जांच कराई थी। जांच रिपोर्ट सामान्य आई थी।
बृहस्पतिवार शाम करीब छह बजे डाॅक्टर ऑपरेशन के लिए रवि को ओटी में ले गए थे। कुछ देर बाद डॉक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने व बेहोशी के इंजेक्शन की डोज अधिक देने का आरोप लगाते हुए मड़ियांव पुलिस को सूचना दी। मृतक के भाई बाल गोविंद पाल ने बताया कि रवि के परिवार में पत्नी आरती पाल के अलावा बेटा अभिषेक, बेटी सोनम, प्रिया व अंशी हैं।
इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।