कड़ाके की ठंड से प्रदेश कांप रहा है। मेरठ में ठंड का 21 साल का रिकॉर्ड टूटा और न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं अयोध्या 2.5 डिग्री सेल्सियस के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि कानपुर और मुजफ्फरनगर में तापमान 2.6 डिग्री दर्ज हुआ। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में पारे में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई।
कोहरे की चादर से ढका प्रदेश, कई इलाकों में शून्य दृश्यता
प्रदेश में घना कोहरा छाया रहा। अयोध्या, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज, आगरा, फुरसतगंज, मुजफ्फरनगर, उरई में शून्य दृश्यता रही।
शीत लहर की चपेट में इलाके
लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, शाहजहांपुर, नजीबाबाद शीत लहर की चपेट में रहे। मेरठ में सीवियर कोल्ड वेव कंडीशन (तीव्र शीत लहर) चली।
क्यों पड़ रही है इतनी ठंडः जानिए क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, दिन में आसमान खुला है, धूप निकली है। इस कारण रात में ठंड बढ़ रही है, साथ ही शीत लहर का भी असर है। नमी बहुत अधिक है, इस वजह से घना कोहरा बढ़ रहा है। गलन व कोहरा अभी दो-तीन दिन तक बने रहने के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कहीं-कहीं पाला पड़ने के भी आसार हैं।
रहें सतर्कः घने कोहरे और शीत लहर को लेकर अलर्ट
मौसम विभाग ने कई इलाकों में घने कोहरे और शीत लहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। बांदा, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, बहराइच, लखीमपुरखीरी, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, शामली, मुजफ्फरनगर बागपत, मेरठ, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, जालौन, हमीरपुर आसपास घना कोहरा रहने के आसार हैं। जबकि फतेहपुर, प्रतापगढ़, आजमगढ़, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुरखीरी, सीतापुर, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आसपास के इलाकों में शीत लहर को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट रहने को कहा है।