आयुष, खाद्य एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने विभाग में रिक्त पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आयुष अस्पतालों का जीर्णोद्धार कराके वहां मरीजों से जुड़ी सभी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों को उन्होंने 100 दिन की कार्ययोजना की रणनीति बनाकर मूल्यांकन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वे मंगलवार को योजना भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए अस्पतालों के संचालन में आ रही समस्याओं का निस्तारण वरीयता के आधार पर करें। उन्होंने आयुष अस्पतालों के भवन से लेकर दवाओं के रख-रखाव, दवा उपलब्धता, मरीज के बैठने आदि की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विभागीय औषधि निर्माण अवसंरचना को दुरुस्त करने व नवीन अनुसंधानों पर जोर दिया।