प्रदेश की 24 सहकारी चीनी मिलों में 10 ने वर्ष 2020-2021 सत्र का गन्ना किसानों का शत प्रतिशत बकाया अदा कर दिया है। अन्य मिलें 22 दिसंबर तक सारा भुगतान कर देंगी। उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ लि. का जोर है कि इस समय सहकारी चीनी मिलों की चीनी की गुणवत्ता में और सुधार किया जाए।
यूपी में इस साल 120 चीनी मिलें पेराई कर रही हैं जिनमें 24 मिलें सहकारी हैं। पिछले साल भी इन सभी मिलों ने गन्ना पेरा था। पिछले पेराई का ही किसानों का लगभग तीन हजार करोड़ रुपये चीनी मिलों पर बकाया था। मिल्स संघ के प्रचार प्रबंधक कैलाश उपाध्याय के मुताबिक सहकारी मिलों ने बकाया का किसानों को 2673.02 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है। लगभग 97 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है। दस मिलों ने तो शत प्रतिशत भुगतान कर दिया है।
इसके अलावा वर्तमान पेराई सत्र 2021-2021 का भुगतान भी किसानों को शुरू कर दिया गया है। तीन लाख 74 हजार 480 किसानों को इसका लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि सहकारी चीनी मिलों में चीनी की गुणवत्ता सुधार पर लगातार काम किया जा रहा है। चीनी की इक्यमसा (इंटरनेशनल कमीशन फॉर यूनिफार्म मैथड्स ऑफ शुगर एनालिसिस) वैल्यू 100 के आसपास की जा रही है। विदित हो कि यह वैल्यू पहले काफी ज्यादा थी और इसेकम किया जा रहा है।