यूपी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा परिणाम आज
लखनऊ। अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय (एबीवीएमयू) के जरिये हुई कॉमन नर्सिंग एंट्रेंस टेस्ट (सीनेट) का परिणाम शनिवार को जारी होगा। करीब 14,500 सीटों के लिए लगभग 1.44 लाख अभ्यर्थियों ने दावेदारी पेश की है। यह परीक्षा छह जून को 20 जिलों के 307 केंद्रों पर हुई थी। इसमें 1 लाख 35 हजार 74 अभ्यर्थी शामिल हुए। कुलपति अमित देवगन ने बताया कि पारदर्शिता के लिए खुफिया एजेंसियों और उच्च तकनीक की मदद ली गई। अनुचित साधनों का प्रयोग करते पकड़े गए चार अभ्यर्थियों का परिणाम रोक दिया गया है। अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के पोर्टल से अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।