चार निकाय के 72 वार्डों में भाजपा के महज 11 सभासद ही जीत दर्ज कर सके। 59 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी जीत दर्ज कर सदन में पहुंचने में कामयाब हुए हैं। शनिवार को जिले के चार निकायों की मतगणना के बाद परिणाम घोषित हुआ। अध्यक्ष पद पर तीन निकाय में भाजपा तो एक में कांग्रेस का परचम लहराया। सभासद पद पर भाजपा का जादू नहीं चल सका। 25 सदस्यों वाली नगर पालिका परिषद गौरीगंज में भाजपा के तीन तो निर्दलीय 22 उम्मीदवार जीत दर्ज करने में कामयाब रहे। 25 सदस्य वाली जायस नगर पालिका परिषद में भाजपा के दो तो 23 निर्दलीय उम्मीदवार जीत दर्ज कर सदन तक पहुंंचने में कामयाब रहे।
12 सदस्यों वाली नगर पंचायत अमेठी में पांच भाजपा, पांच निर्दलीय तो दो आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। दस सदस्यों वाली नगर पंचायत मुसाफिरखाना में भाजपा का एक प्रत्याशी जीतने में कामयाब रहा तो नौ सीटों पर निर्दलीयों ने जीत दर्ज की। चार निकाय के (गौरीगंज व जायस में 25-25, अमेठी में 12 व मुसाफिरखाना में 10) 72 वार्डों में कांग्रेस, सपा व बसपा के एक भी प्रत्याशी चुनाव नहीं जीत सके है। ऐसे में चारों निकाय के सदन में निर्दलीयों का बोलबाला रहेगा।
किसी भी बैठक में विकास कार्य की कार्ययोजना बनाने व अन्य विकास कार्य की स्वीकृति के लिए अध्यक्षों के पास अपने दल के सदस्यों का बहुमत नहीं है। इसके लिए निर्वाचिात दलीय अध्यक्षों को हर समय साधकर चलने की मजबूरी होगी।