प्रदेश में ओडीओपी उत्पादों की ब्रांडिंग एवं बिक्री लिए एयरपोर्ट, रेलवे एवं बस स्टेशनों पर रिटेल स्टोर खोले जाएंगे। साथ ही पेट्रोल पंपों पर उत्पादों के कियोस्क स्थापित किए जाएंगे। एमएसएमई विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल की अध्यक्षता में शनिवार को हुई यूपी हैंडीक्राफ्ट डेवलेपमेंट एंड मार्केटिंग कॉर्पोरेशन के निदेशक मंडल की 199वीं बैठक में ये निर्णय लिए गए।
सहगल ने बताया कि कॉर्पोरेशन का कारोबार 2021-22 की पहली तिमाही में 3.74 करोड़ रुपये से ज्यादा था। वहीं 2022-23 की पहली तिमाही में 7.18 करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ है। उन्होंने बताया कि पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लखनऊ में विभूति खंड गोमती नगर और जियामऊ स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के पेट्रोल पंपों पर कियोस्क खोले जाएंगे। ओडीओपी स्टोर खोलने वालों को स्टोर के किराए में अंशदान दिया जाएगा। निगम ने इस वर्ष 50 करोड़ के व्यवसाय का लक्ष्य तय किया है। बैठक में आयुक्त एवं निदेशक उद्योग मनीष चौहान भी शामिल हुए।