अमरोहा स्थित गो संरक्षण केंद्र में गायों के मरने के प्रकरण में सांकेतिक इस्तीफा देने वाले सहारनपुर के 6 पशु चिकित्सकों के इस्तीफे शासन ने स्वीकार कर लिए हैं। उधर पशु चिकित्सा संघ के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार का कहना है कि यह गलत है और अभी केवल अल्टीमेटम दिए गए थे। शासन इस्तीफे स्वीकार कर ठीक नहीं कर रहा ।
अमरोहा गो संरक्षण केंद्र में पिछले दिनों 63 गायों की मौत हो गई थी। इस पर वहां के पशु चिकित्सा अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया था और एक डिप्टी सीवीओ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई थी। इस पर उत्तर प्रदेश पशु चिकित्सा संघ ने विरोध जताया था और कहा था कि यदि यह निलंबन वापस नहीं लिया गया तो पशु चिकित्सा अधिकारी सामूहिक इस्तीफा दे देंगे। साथ ही उन्होंने लंपी वायरस के लिए चल रहे वैक्सीनेशन का भी बहिष्कार करने की चेतावनी दी थी ।
इस मामले में सहारनपुर के 6 चिकित्सकों ने इस्तीफे दिए जिन्हें शासन ने स्वीकार कर लिया और राज्यपाल ने भी इन्हें स्वीकृति प्रदान कर दी। उधर संघ के अध्यक्ष का कहना है कि सांकेतिक इस्तीफे दिए जाते हैं, उनको कैसे स्वीकार किया जा सकता है। अमरोहा में भी गलत कार्रवाई हुई है। 120 गायों को बचा लिया गया। बावजूद इसके चिकित्सकों पर कार्रवाई हुई।