प्रदेश के आयुष कॉलेजों में दाखिले के लिए होने वाली काउंसिलिंग की तैयारी तेज हो गई है। इसके लिए आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथिक निदेशकों को मिलकर समय सारणी तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। काउंसिलिंग राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) कराएगी।
बृहस्पतिवार को हुई विभागीय बैठक में तीनों विधा के निदेशकों को काउंसिलिंग की समय सारणी तैयार करने का निर्देश दिया गया। निदेशकों को कॉलेजों की अंतिम सूची भी जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। मालूम हो कि अभी तक तीनों विधाओं के ज्यादातर कॉलेजों को केंद्रीय कमेटी द्वारा नया सत्र चलाने की मान्यता नहीं मिल पाई है।
इसकी बड़ी वजह यहां संकाय सदस्यों (शिक्षकों) की कमी होना बताया जा रहा है। ऐसे में संबंधित कॉलेज के प्रधानाचार्य को तत्काल संविदा के आधार पर संकाय सदस्य नियुक्त करने का निर्देश दिया गया है। इस नियुक्ति के आधार पर केंद्रीय कमेटी को हलफनामा दिया जाएगा कि पढ़ाई प्रभावित नहीं होने पाएगी। तभी वहां से दाखिले के लिए हरी झंडी मिलेगी।
आयुष पीजी की काउंसिलिंग शुरू
आयुष कॉलेजों में पीजी की सीटों के लिए काउंसिलिंग की समय सारणी जारी कर दी गई है। पहले राउंड की काउंसिलिंग के लिए पंजीयन पांच जनवरी से शुरू होकर 15 तक चलेगा। छह से 15 तक च्वॉइस फीलिंग, 16 को सीट अलॉटमेंट के बाद 18 को परिणाम घोषित होगा। 19 से 25 के बीच दाखिला लेना होगा। दूसरी काउंसिलिंग के लिए पंजीयन दो फरवरी से छह फरवरी तक होगा।