रक्षा बंधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश भर में यूपी रोडवेज और सिटी बसों में 29 अगस्त की रात 12 बजे से लेकर 31 अगस्त की रात 12 बजे तक महिलाओं की यात्रा निशुल्क करने का आदेश दिया है। इस आदेश के बाद निश्चित समयावधि में प्रदेश में कहीं भी जाने के लिए महिलाओं को रोड़वेज टिकट नहीं लेना होगा, जबकि सिटी के अंदर भी सिटी बसों में उनका किराया देय नहीं होगा। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद परिवहन निगम और नगरीय परिवहन निदेशालय की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
विभागों की ओर से निर्देश जारी
परिवहन निगम की ओर से जारी आदेश में कहा गया है की विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी रक्षाबन्धन पर्व के सुअवसर पर परिवहन निगम की समस्त बसों में महिलाओं को दिनांक 29 अगस्त की रात 12:00 बजे से 31 अगस्त की रात्रि 12:00 बजे तक निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान किए जाने का शासन स्तर पर निर्णय लिया गया है। परिवहन निगम की समस्त बसों में इस दौरान महिलाओं को किराया देय नहीं होगा।
इस सुविधा का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं को मिले इसके लिए प्रचार-प्रसार हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। वहीं नगरीय परिवहन निदेशालय ने भी निर्देश दिया गया है कि प्रदेश के प्रमुख शहरों (लखनऊ, कानपुर, मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी, गाजियाबाद, अलीगढ़, मुरादाबाद, झाँसी, बरेली, गोरखपुर, शाहजहाँपुर, आगरा एवं मथुरा-वृन्दावन) में एसपीवी के माध्यम से संचालित की जा रही नगरीय बसों में रक्षाबन्धन पर्व पर 29.08.2023 की रात्रि 12:00 बजे से 31.08.2023 की रात्रि 12:00 बजे तक महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराये जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
रक्षाबंधन पर बस ड्राइवर व कंडक्टरों को मिलेगा प्रोत्साहन भत्ता
रक्षाबंधन पर रोडवेज के बस ड्राइवरों व कंडक्टरों को प्रत्साहन भत्ता प्रदान किया जाएगा। भत्ता 29 अगस्त से तीन सितंबर के बीच तय किलोमीटर से अधिक बस संचालन पर दिया जाएगा। रक्षाबंधन पर छह दिवसीय बस संचालन पर प्रतिदिन के अनुसार भत्ता 250 से लेक 300 रुपये और छह दिनों में हजार से बारह सौ रुपये एकमुश्त प्रदान किया जाएगा। इस दौरान अधिक से अधिक बस संचालन करके लोगों को बसों की सुविधा मुहैया कराना होगा। इस संबंध में परिवहन निगम मुख्यालय से प्रोत्साहन भत्ता दिए जाने को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए है।