उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने कनिष्ठ सहायक/कनिष्ठ लिपिक की लिखित परीक्षा की संशोधित योजना व पाठ्यक्रम जारी किया है। इसमें अब अभ्यर्थी के शैक्षिक योग्यता (एकेडमिक्स) के नंबर नहीं जोड़े जाएंगे। इसकी जगह पर कंप्यूटर व सूचना प्रौद्योगिकी के और उत्तर प्रदेश की सामान्य जानकारी को लिखित परीक्षा में शामिल किया गया है। जल्द ही संशोधित योजना के अनुसार लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
आयोग ने अगस्त-सितंबर 2022 में कनिष्ठ सहायक के 1262 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था। यह आवेदन पीईटी 2021 के आधार पर लिए गए थे। इसके लिए 157698 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। पूर्व के नियम के अनुसार ग्रुप सी की भर्ती में अभ्यर्थी के शैक्षिक योग्यता के 35 नंबर भी जोड़े जाते थे। इस तरह लिखित परीक्षा 65 और 35 नंबर शैक्षिक योग्यता के, कुल मिलाकर 100 नंबर की परीक्षा होती थी।
अभ्यर्थियों ने शैक्षिक योग्यता के नंबर को समाप्त करने की मांग की थी। क्योंकि कुछ बोर्ड में विद्यार्थियों को बहुत अच्छे नंबर मिलते हैं और कुछ में अपेक्षाकृत कम। इसे देखते हुए आयोग ने शासन से अनुमति लेकर परीक्षा योजना व पाठ्यक्रम में संशोधन कर दिया है। इसके अनुसार अब लिखित परीक्षा एक पाली में दो घंटे की होगी। इसमें 100 सवाल होंगे। आयोग के सचिव अवनीश सक्सेना ने बताया कि हिंदी ज्ञान व लेखन योग्यता के 30, सामान्य बुद्धि परीक्षण के 15, कंप्यूटर व सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े 15 और यूपी से संबंधित सामान्य जानकारी के 20 सवाल होंगे।
कनिष्ठ सहायक की लिखित परीक्षा में निगेटिव मार्किंग की जाएगी। इसी के साथ विभाग ने लिखित परीक्षा के पांच भाग का पाठ्यक्रम भी जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार इस व्यवस्था में बदलाव से परिणाम भी जल्द देने में सहयोग मिलेगा। आवेदक अभ्यर्थियों में से सीटों के सापेक्ष 15 गुणा अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल होंगे।