दूसरे चरण के मतदान के दौरान भाजपा ने बुर्का नशीनों द्वारा कथित फर्जी वोटिंग की शिकायत की। भाजपा के प्रदेश महामंत्री व प्रदेश चुनाव प्रबंध प्रभारी जेपीएस राठौर ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर शिकायत की कि मतदान के दौरान पर्दानशीं महिलाओं की बिना पहचान किए उन्हें वोट डालने दिया जा रहा है जिससे फर्जी मतदान हो रहा है। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर महिला पुलिस कर्मियों को तैनात किए जाने की मांग की। राठौर ने अपने पत्र में यह भी कहा है कि हर बूथ पर महिला पुलिस कर्मी तैनात किए जाने की मांग पहले भी भाजपा की ओर से की गई थी।