पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह
- फोटो : सोशल मीडिया
पर्यटन विभाग राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों श्री काशी विश्वनाथ मंदिर वाराणसी, अयोध्या श्री राम मंदिर और गोरखनाथ मंदिर, गोरखपुर में पर्यटकों व श्रद्धालुओं की गणना अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कैमरों से करेगा। इससे रियल टाइम डेटा मिलने के साथ ही पर्यटकों के लिए आवश्यक प्रबंध करने में भी आसानी होगी।
पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस अत्याधुनिक तकनीकी से न केवल पर्यटकों की संख्या का सटीक आकलन होगा, बल्कि इससे सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं के विकास और पर्यटन नीति निर्धारण को और भी अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। इसमें एआई आधारित फेस रिकग्निशन सिस्टम, फुटफॉल काउंटिंग, व्यवहारिक विश्लेषण तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली जैसी उन्नत तकनीकों का समावेश होगा।
उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग की यह पहल प्रदेश में स्मार्ट टूरिज्म और डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में एक महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आएगा। इससे राज्य सरकार को पर्यटक प्रवाह का सटीक रिकॉर्ड मिलेगा। साथ ही भीड़ प्रबंधन और सुविधाओं का विस्तार अधिक वैज्ञानिक तरीके से किया जा सकेगा। उन्होंने बताया एआई तकनीक आधारित यह प्रणाली राज्य के पर्यटन स्थलों पर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के आंकड़ों को अधिक पारदर्शी और डेटा-आधारित बनाएगी।
मंत्री ने बताया कि इस परियोजना के क्रियान्वयन के लिए विभाग ने इच्छुक एजेंसियों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) आमंत्रित किए हैं। चयनित एजेंसी को इन स्थलों पर फुटफॉल काउंटिंग सिस्टम की स्थापना, डेटा विश्लेषण और रखरखाव की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके अंतर्गत चयनित एजेंसी संपूर्ण प्रणाली के डिज़ाइन, विकास, इंस्टॉलेशन व मेंटेनेंस का कार्य करेगी।