लखनऊ। डॉ. शकुंतला राष्ट्रीय पुनर्वास विवि की एक जुलाई से प्रस्तावित परीक्षा स्थगित कर दी है। कुलसचिव अमित कुमार सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार परीक्षा अब अगस्त माह में प्रस्तावित की गई है। यह परीक्षा अगस्त में मंडल मुख्यालयों पर दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के केंद्रों पर होंगी। अभी सिर्फ यूजी-पीजी फाइनल ईयर की ही परीक्षा होनी है। सिंह के अनुसार परीक्षा में शामिल होने और अपने निकटतम परीक्षा केंद्र पर परीक्षा देने के लिए विद्यार्थी को 22 जून से 5 जुलाई के बीच परीक्षा फॉर्म भरना होगा। परीक्षा फॉर्म में उन्हें प्रस्तावित परीक्षा केंद्र भी चयन करना होगा। इसके आधार पर ही उन्हें परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा। विवि की परीक्षा फिलहाल एक जुलाई से प्रस्तावित थी। कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते इसे स्थगित करना पड़ा है। विवि प्रशासन के अनुसार स्थिति सामान्य होने पर ही परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा शुरू होने से पहले कम से कम 15 दिन पहले विद्यार्थियों को वेबसाइट पर इसका कार्यक्रम उपलब्ध कराया जाएगा।