ऑनलाइन क्लास ले रहीं उर्दू यूनिवर्सिटी की डां. तनु डंग।
- फोटो : AMAR UJALA
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। कोरोना के चलते सभी यूनिवर्सिटी-कॉलेज बंद हैं। क्लासेज न चलने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई न प्रभावित हो इसके लिए सभी विश्विद्यालय कवायद कर रहे हैं। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी ने अपने विद्यार्थियों के लिए ई-कंटेंट तैयार किया है। तो बाबा साहेब भीमराव केंद्रीय विश्विद्यालय (बीबीएयू) व ख्वाजा मुइनुद्दीन चिश्ती उर्दू, अरबी-फारसी विश्विद्यालय के शिक्षक ऑनलाइन जूम ऐप से क्लास ले रहे हैं। एकेटीयू ने अपने विद्यार्थियों को उनकी ईआरपी लॉगिन पर उनके कोर्स से संबंधित कंटेंट व शिक्षकों के लेक्चर उपलब्ध कराए हैं। इसमें इंजीनियरिंग के 506, मैनेजमेंट के 65 व फार्मेसी के 46 लेक्चर हैं। खास बात ये की किस कोर्स का स्टूडेंट्स है, उसे उसकी ही क्लास से संबंधित कंटेंट व लेक्चर मिलेगा। उसे सभी में से खोजने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इसके लिए विश्विद्यालय ने पिछले एक सप्ताह में अभियान चलकर शिक्षको के लेक्चर रिकॉर्ड किये हैं। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने इसकी विधिवत शुरुआत करते हुये कहा कि इसमें खास बात ये है कि विद्यार्थियों की जहां तक क्लास हो चुकी है, उससे आगे के कंटेंट व लेक्चर उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन लेक्चर की संख्या लगातार बढ़ती रहेगी। इसमें बीटेक, बीफार्मा, बीआर्क, समेत पीजी के भी कोर्स शामिल हैं। इसी तरह बीबीएयू में विद्यार्थियों को उनकी ई-मेल व व्हाट्सएप ग्रुप पर कंटेंट उपलब्ध कराया है। पत्रकारिता विभाग के प्रो. गोविंद पांडेय आदि शिक्षक ऑनलाइन क्लासेज भी ले रहे हैं। उर्दू यूनिवर्सिटी में पत्रकारिता विभाग की डॉ. तनु डंग घर में कंटेंट तैयार कर विद्यार्थियों की ऑनलाइन क्लास में उन्हें ये कंटेंट उपलब्ध करा रही हैं। विश्विद्यालय ने अपनी वेबसाइट पर सभी शिक्षकों के लेक्चर अपलोड करने का दावा किया है।