केंद्रीय मंत्री व अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी ने रविवार को यहां जिले की सांसद सोनिया गांधी पर निशाना साधा। जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की अध्यक्ष ने बैठक में दूसरी बार भी सोनिया के शामिल न होने पर आपत्ति जताते हुए डीएम को विनम्र पत्र भेजने के निर्देश दिए। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिले की जनता ने उन्हें जनप्रतिनिधि चुना है। इस तरह की बैठक में न आना अच्छी बात नहीं है। बैठक में माहे पासी किले को राष्ट्रीय स्मारक बनाने के लिए डीएम को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। शहर की एक सड़क का काम भी तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।
दिशा की बैठक में केंद्रीय मंत्री व अध्यक्ष के सामने पूर्व मंत्री व ऊंचाहार से सपा विधायक डॉ. मनोज पांडेय ने रोहनियां ब्लॉक स्थित माहे पासी किले को राष्ट्रीय स्मारक घोषित किए जाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने राष्ट्रीय स्मारक घोषित किए जाने पर एक करोड़ रुपये निधि से देने की घोषणा की। अध्यक्ष ने प्रस्ताव को स्वीकृत करते हुए डीएम माला श्रीवास्तव को प्रस्ताव भेजने के आदेश दिए। सपा विधायक ने नगर पालिका क्षेत्र के कहारों का अड्डा से किला बाजार तक खराब सड़क के मामले को भी उठाया। समिति ने 25 दिन में काम शुरू कराने के आदेश दिए।
ऊंचाहार विधायक ने सदन में राष्ट्रीय पेयजल योजना के तहत ऊंचाहार में स्वीकृत 56 में मात्र 11 परियोजनाओं में बोरिंग होने, बकुलाही नाले की सफाई के अलावा प्रधानमंत्री सड़क योजना से बन रहीं सड़कों खराब गुणवत्ता की शिकायत भी दर्ज कराई। रोहनियां ब्लॉक की रसूलपुर प्रधान ने चार सड़कों के मरम्मत की मांग केंद्रीय मंत्री से की। इसके अलावा अन्य जन प्रतिनिधियों ने भी अपने क्षेत्रों की समस्याओं को सदन में रखा। बैठक में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्षत रंजना चौधरी, ऊंचाहार विधायक डॉ. मनोज पांडेय, सदर विधायक अदिति सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष पूर्णिमा श्रीवास्तव, एमएलसी शिक्षक उमेश द्विवेदी, एमएलसी स्नातक अवनीश कुमार सिंह, सलोन विधायक अशोक कुमार, बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती, सरेनी विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह, हरचंदपुर विधायक राहुल राजपूत, डीएम माला श्रीवास्तव, एसपी आलोक प्रियदर्शी, पीडी राजेश तिवारी आदि मौजूद रहे।
पक्षी विहार के बहुरेंगे दिन, स्मृति ने मांगा प्रस्ताव
जिले के समसपुर पक्षी विहार को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी दिशा की बैठक में गंभीर दिखीं। उन्होंने कहा कि पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण के दृष्टिकोण से पक्षी विहार के सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रेषित किया जाए, जिससे पक्षी विहार में काम किया जाए, जिससे पक्षी विहार के आसपास के किसानों को बेहतर लाभ मिल सके।
अपात्रों को लाभ देने वाले अफसरों पर करें कार्रवाई
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि संज्ञान में आ रहा है कि सरकार से संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन में कुछ अधिकारी अपात्रों का चयन करके उन्हें लाभ देने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने विभागों के अधिकारियों सहित अपात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में प्रस्तुत प्रगति पुस्तिका में विकास कार्यों की गलत रिपोर्ट देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्रामीण आवास आवंटन में मानकों की अनदेखी का मामला सामने आने पर उन्होंने जांच कराकर कार्रवाई करने को कहा।
काम न करे तो कंपनी को हटाने को लिखें पत्र
जल जीवन मिशन के तहत जिले में हो रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने ठीक से काम न करने वाली कंपनी को हटाने के लिए शासन को पत्र लिखने के आदेश दिए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने शासन को पत्र लिखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। केंद्रीय योजनाओं का सही ढंग से संचालित किया जाए।
केंद्रीय मंत्री व जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की अध्यक्ष स्मृति ईरानी की अध्यक्षता में बैठक हुई। केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा की गई। कई कार्यों के संबंध में प्रस्ताव शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में जिले के विकास को लेकर विकास कार्यों में तेजी आने के निर्देश दिए गए।
माला श्रीवास्तव, जिला अधिकारी