रायबरेली। केंद्रीय विद्यालय संगठन की 53वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत तीन दिवसीय वॉलीबाल मुकाबले में दूसरे दिन लीग मैचों के साथ सेमीफाइनल भी कराए गए लेकिन बारिश ने कई बार खलल डाला। इस वजह से अंडर-14 के सेमीफाइनल में बरेली और बिजनौर की टीमों ने सफलता अर्जित कर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अंडर-17 के लीग मैच ही कराए जा सके। शनिवार को बाकी मैचों के बाद फाइनल मुकाबला और फिर समापन समारोह होगा।
शहर के गोरा बाजार स्थित पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में संभागीय वॉलीबाल प्रतियोगिता कराई जा रही है जिसमें संभाग के अंतर्गत आने वाले जिलों के केंद्रीय विद्यालयों से बालकों की टीमें आई हैं। पहले दिन दोनों वर्गों के लीग मैच कराए गए थे लेकिन बारिश की वजह से कुछ मैच अधूरे रह गए। दूसरे दिन सुबह अधूरे मैच पूरे कराए गए फिर बाकी लीग मैच हुए।
अंडर-14 का पहला सेमीफाइनल मैच केंद्रीय विद्यालय एनईआर बरेली और पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय रायबरेली प्रथम पाली के बीच हुआ जिसमें बरेली ने 3-0 से जीत दर्ज की। दूसरे सेमीफाइनल में केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ बिजनौर (लखनऊ) प्रथम पाली ने केंद्रीय विद्यालय रक्षा विहार कानपुर को 3-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। शनिवार को होने वाले फाइनल मुकाबले में बिजनौर और बरेली की टीमें भिड़ेंगी।
अंडर-17 के लीग मैचों के परिणाम
लीग मैचों में केंद्रीय विद्यालय कैंट (कानपुर) द्वितीय पाली ने केंद्रीय विद्यालय अर्मापुर (कानपुर) को, केंद्रीय विद्यालय-2 ओसीएफ शाहजहांपुर प्रथम पाली ने केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ बिजनौर (लखनऊ) प्रथम पाली को, केंद्रीय विद्यालय रायबरेली ने केंद्रीय विद्यालय ओसीएफ शाहजहांपुर द्वितीय पाली को, केंद्रीय विद्यालय बदायूं ने केंद्रीय विद्यालय बलरामपुर को, केंद्रीय विद्यालय कैंट (कानपुर) द्वितीय पाली ने केंद्रीय विद्यालय रक्षा विहार कानपुर को शिकस्त दी।
केंद्रीय विद्यालय-2 ओसीएफ शाहजहांपुर प्रथम पाली ने केंद्रीय विद्यालय बदायूं को, केंद्रीय विद्यालय-अर्मापुर (कानपुर) ने केंद्रीय विद्यालय रायबरेली को, केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ बिजनौर (लखनऊ) प्रथम पाली ने केंद्रीय विद्यालय बलरामपुर को, केंद्रीय विद्यालय ओसीएफ शाहजहांपुर द्वितीय पाली ने केंद्रीय विद्यालय रक्षा विहार कानपुर को हराया। सभी मैचों के निर्णय 2-0 के अंतर से हुए। शनिवार को बाकी मैचों के साथ फाइनल मुकाबले भी होंगे।