रायबरेली। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह बेकाबू बोलेरो ने सड़क पार कर रही आठ वर्षीय बालिका को रौंद दिया। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के अर्जुनखेड़ा मजरे बरदर निवासी छक्की की पत्नी रूपरानी सोमवार की सुबह अपनी आठ वर्षीय बेटी सोनाली के साथ खगियाखेड़ा गांव में पंखा बनवाने आई थी। दोनों इरफान की दुकान पर बैठी थी। करीब साढ़े नौ बजे सोनाली अचानक उठकर लालगंज-बछरांवा मार्ग को पार करने लगी। इस दौरान गुरुबख्शगंज की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे रौंद दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को सीएचसी जतुआ टप्पा पहुंचाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बेटी की मौत से मां रोते-रोते जमीन पर सिर पटकने लगी। हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। थानेदार प्रवीर गौतम ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज होगा।