लखनऊ। इलेक्ट्रिक बस में चार यात्रियों को बेटिकट सफर करवाने का मामला सामने आया है। इसके लिए जिम्मेदार दो कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया गया है।
सिटी ट्रांसपोर्ट के प्रबंध निदेशक आरके त्रिपाठी ने बताया कि बस (यूपी 32 आरएन 1516) शनिवार को राजाजीपुरम से देवा जा रही थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे बस टाटा मोटर्स के पास थी तो प्रबंधक, संचालन आरके उपाध्याय को चेकिंग के लिए भेजा गया। बस में कुल 36 यात्री थे, जिनमें से चार बेटिकट सफर कर रहे थे। इनमें से दो देवा से मटियारी और दो देवा से अवध बस स्टेशन से बैठे थे। हद तो यह है कि बस में संबंधित मार्ग के चेकिंग कार्मिक राम जीवन भी थे। इसके बाद राम जीवन और संविदा परिचालक रवीन कुमार को बर्खास्त करने के निर्देश दे दिए गए। दोनों के खिलाफ जांच भी बिठाई गई है।