रायबरेली। स्कूल जा रही दो बहनों को लाठी-डंडों से हमलाकर घायल कर दिया गया। एक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रंजिश में अंजाम दी गई इस वारदात में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
जगतपुर थाना क्षेत्र के पांडे के पुरवा मजरे उमरी के रहने वाले राम प्रसाद सिंह ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी दो बेटियां प्राची सिंह व रुचि सिंह बुधवार को शंकरपुर इंटर कॉलेज में पढ़ने जा रही थी। रास्ते में उमरी अड्डा के पास रंजिश को लेकर चार लोगों ने लाठी-डंडों से दोनों की पिटाई कर दी।
इस दौरान दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं और रुचि बेहोश हो गई। दोनों को जगतपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के बाद रुचि सिंह को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
सीएचसी के अधीक्षक डॉ. एलपी सोनकर ने बताया कि दो छात्राएं घायल अवस्था में आई थी। इसमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय भेजा गया है। पीड़िता के पिता ने बताया कि तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस बाबत सीओ अरुण कुमार नौहवार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है।