रांची के हाईप्रोफाइल सुषमा बड़ाइक गोलीकांड को राजधानी के सीरियल किलर भाइयों के शूटरों ने ही अंजाम दिया था। कई पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों व नेताओं पर केस दर्ज करा चुकी सुषमा पर 13 दिसंबर को बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं। गोलीकांड के मुख्य आरोपी हम पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान को रांची पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया है। गोलीकांड को सीरियल किलर भाइयों के शूटर व दानिश के साले फरहान ने दो अन्य शूटरों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। एसटीएफ ने फरहान व शूटर मुद्दसिर को बृहस्पतिवार को पारा के लक्ष्मण विहार फाटक के पास से गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ के डिप्टी एसपी दीपक कुमार सिंह के मुताबिक, शूटर फरहान की बहन का निकाह रांची के दानिश रिजवान से हुआ है। दानिश रिजवान जीतनराम मांझी की पार्टी हम का राष्ट्रीय प्रधान महासचिव व प्रवक्ता है। दानिश ने फरहान को सुषमा बड़ाइक की हत्या की सुपारी दी थी। बताया था कि सुषमा शोषण का फर्जी केस दर्ज कराने की बात कहकर परेशान कर रही है। मोटी रकम मिलने के लालच में फरहान ने दानिश को अपने दोस्त बाजारखाला के चारमीनारी मस्जिद निवासी मुद्दसिर से मिलवाया। साथ में बारूदखाना निवासी उमर उर्फ गुड्डू भी था। कुछ समय बाद दानिश ने तीनों को पटना बुलाया और पिस्टल व कारतूस उपलब्ध कराए थे।
डिप्टी एसपी दीपक सिंह के मुताबिक, पिछले साल 22 नवंबर को गुड्डू के साथ फरहान रांची पहुंचा था। यहां सुषमा के घर की रेकी करवाई। फिर लखनऊ आ गए। पांच दिसंबर को चोरी की बाइक से फिर रांची गए और मोबाइल लखनऊ में ही बंद कर रख गए थे। 13 दिसंबर को सुषमा घर से हाईकोर्ट के लिए निकली थी। साथ में एक छोटा बच्चा और गार्ड भी था। सहजानंद चौराहे से कुछ दूर पहले सुषमा ने बच्चे को उतार दिया। जैसे ही चौराहे पर पहुंची तो बाइक सवार शूटरों ने ताबड़तोड़ पांच राउंड गोलियां सुषमा पर बरसा दी थीं। इसके बाद शूटर बाइक को पार्किंग में खड़ी कर लखनऊ निकल आए थे। मालूम हो कि झारखंड में पूर्व आईपीएस अधिकारी पीएस नटराजन पर शोषण का केस दर्ज कराने के बाद सुषमा का नाम तेजी से चर्चा में आया था।
पप्पू पांडेय व जैद हत्याकांड में भी शामिल था फरहान
एसटीएफ के मुताबिक, फरहान सीरियल किलर भाइयों सलीम-सोहराब-रूस्तम का भरोसेमंद शॉर्प शूटर है। वह अमीनाबाद में हुए छावनी परिषद के पूर्व पार्षद पप्पू पांडेय की हत्या में शामिल था। इसके अलावा सीरियल किलर भाइयों के परिवार की एक महिला से करीबी संबंध रखने वाले जैद की भी गोली मारकर हत्या के मामले में फरहान शामिल था। इसके अलावा ठाकुरगंज के एक अपहरण कांड में उसका नाम आया था।