रायबरेली। लखनऊ मंडल के शाहगंज रेलवे स्टेशन पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के साथ यार्ड रिमॉडलिंग कार्य कराया जाना है। इसके लिए अयोध्या और बाराबंकी के रास्ते गुजरने वाली कुछ गाडि़यां निरस्त हुई हैं, वहीं ज्यादातर ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन किया गया। इनमें दो जोड़ी ट्रेनें गंगा सतलुज और दून एक्सप्रेस का संचालन रायबरेली से होगा।
धनबाद और फिरोजपुर कैंट के बीच गंगा सतलुज एक्सप्रेस दौड़ती है। हावड़ा और योग नगरी ऋषिकेश के बीच दून एक्सप्रेस का संचालन होता है। ये दोनों गाडि़यां बाराबंकी और अयोध्या के रास्ते सफर पूरा करती हैं, लेकिन मार्ग परिवर्तन के चलते इनका संचालन 22 सितंबर से चार अक्तूबर तक रायबरेली और प्रतापगढ़ के रास्ते होगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि शाहगंज में होने वाले कार्य के चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। ज्यादातर ट्रेनें बदले हुए मार्ग से चलाई जाएंगी। काम पूरा होते ही सभी ट्रेनें अपने पुराने रास्तों से चलने लगेंगी।
प्रभावित ट्रेनें कल से पटरी पर लौटेंगी
रायबरेली। वाराणसी के जंघई में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते प्रभावित चल रही ट्रेनें 23 सितंबर से पटरी पर लौटेंगी। ट्रेनों का संचालन तीन से 22 सितंबर तक प्रभावित किया गया था। इसके अंतर्गत जौनपुर इंटरसिटी लगातार निरस्त चल रही हैै। जनता मेल को बनारस के बजाए प्रतापगढ़ तक चलाया जा रहा है। नीलांचल, अर्चना, पंजाब मेल, वाराणसी इंटरसिटी समेत कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन किया गया है। इससे ट्रेनें रायबरेली नहीं आ रही हैं। यात्रियों की संख्या भी घटी है। एक तरफ नियमित ट्रेनें पटरी पर लौटेंगी, वहीं दूसरे मार्गों की ट्रेनों का संचालन इधर से होने से गाडि़यों का आवागमन बढ़ेगा।
पद्मावत, ऊंचाहार एक्सप्रेस आई लेट
रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनें विलंब से पहुंची, जिससे यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस दो घंटे, चंडीगढ़ से प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस पौने दो घंटे और प्रयागराज से चंडीगढ़ जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस एक घंटे विलंब से आई। सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस और प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस आधे घंटे देर से आई। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि सभी ट्रेनें पिछले स्टेशनों से लेट हुई हैं, जिसकी वजह से विलंब से आई हैं। (संवाद)