सत्येंद्र उर्फ कल्लू और छैलू (फाइल फोटो)
- फोटो : amar ujala
सीतापुर कोतवाली क्षेत्र में कुछ लोगों ने शनिवार को दो युवकों की धारदार हथियार व लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद हत्यारे, शव को तालाब के किनारे फेंक कर भाग गए। रविवार की सुबह दोनों के शव तालाब के किनारे पड़े मिले। परिवार ने गांव के ही दो लोगों के खिलाफ कोतवाली में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
महोली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुड़िया निवासी सत्येंद्र उर्फ कल्लू शुक्ला (35) गांव के ही छैलू (30) के साथ क्षेत्र के ग्राम इमलिया के लिए निकला था। लेकिन फिर दोनों युवक घर नहीं लौटे। परिवार के सदस्यों ने देर रात तक काफी खोजबीन की लेकिन दोनों का कहीं कोई पता नहीं चला। इधर, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम इमलिया निवासी कुछ ग्रामीण रविवार की सुबह चांद तालाब की तरफ नित्यकर्म के लिए गए तो उन्होंने तालाब के निकट दो युवकों के शव देखे। दोनों के शरीर पर जख्म थे।
परिवार वालों ने मुड़िया गांव के निवासी गुड्डू व उसके भाई सढ़ियामऊ निवासी रामपाल पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया कि जिस वक्त सत्येंद्र उर्फ कल्लू व छैलू इमलिया गांव जा रहे थे, तभी गुड्डू व रामपाल ने दोनों को दबोच लिया और धारदार हथियार व लोहे की रॉड से प्रहार करके हत्या कर दी।
इसके बाद शवों को तालाब के किनारे फेंक कर भाग गए। वारदात का कारण छैलू का आरोपी की पत्नी से अवैध संबंध होना बताया जा रहा है। इस संबंध में पीड़ित परिवार ने गुड्डू व रामपाल के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
इधर, सूचना मिलते ही एसपी आनंद कुलकर्णी डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम व कई थानों के पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की।