बिल्डर नटवर गोयल के बीसीसी रेजीडेंसी (अयोध्या हाउस) में दो फ्लोर का अवैध निर्माण शुक्रवार को एलडीए ने सील कर दिया।
तीनों ब्लाक में अब पांचवीं व छठी फ्लोर पर न तो कोई निर्माण होगा न ही इनकी खरीद-फरोख्त हो सकेगी।
एलडीए उपाध्यक्ष के आदेश पर एक्सईएन योगेश पाठक ने सीलिंग की कार्रवाई की। फिलहाल इस इलाके के एई अजीत कुमार और जेई जीडी सिंह पर कार्रवाई नहीं की गई है।
बहुत जल्द ही इन दोनों पर भी एक्शन तय है। इसके अलावा ध्वस्तीकरण की फाइल भी तैयार की जा रही है। बिल्डर ने इस इमारत में दो अतिरिक्त फ्लोर का निर्माण किया है।
इसका खुलासा तब हुआ जब बीते रविवार को नटवर गोयल के कैपर रोड लालबाग स्थित बीसीसी रेजीडेंसी (अयोध्या पैलेस) की छठी फ्लोर से गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई।
इसके बाद पता चला कि एलडीए की ओर से इमारत की केवल चार मंजिल ही पास हैं। मगर एएसआई ने छह मंजिल तक इमारत बनाने की एनओसी दे दी।
इस आधार पर छह मंजिल का रिवाइज मैप प्राधिकरण में जमा किया गया। यह मैप पास होने से पहले ही छह मंजिल तक इमारत तान दी गई।
सहायक अभियंता अजीत कुमार और अवर अभियंता जीडी सिंह कंपाउंडिंग के नियम को आधार बना कर इसे वैध करने की तैयारी करने लगे।
इस संबंध में अधिशासी अभियंता योगेश पाठक से सचिव अष्टभुजा प्रसाद तिवारी ने बृहस्पतिवार को पूरी रिपोर्ट तलब की थी।
इसी के बाद में शुक्रवार की शाम दो फ्लोर सील करने की कार्रवाई की गई। नटवर गोयल ने बीसीसी रेजीडेंसी की दो अतिरिक्त मंजिल में करीब 55 फ्लैट बनाए हैं।
अयोध्या हाउस के इस कंपाउंड में तीन ब्लॉक का निर्माण किया गया है। जिनमें लगभग 55 फ्लैट अतिरिक्त हैं।
करीब 6 हजार रुपये प्रति वर्ग फीट के रेट से फ्लैट बेचे जा रहे हैं। ऐसे में औसतन एक हजार वर्ग फीट के 55 फ्लैटों की कीमत 30 करोड़ रुपये से भी अधिक है।