पीजीआई इलाके में बुधवार रात सड़क किनारे अंधेरे में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में तेज रफ्तार बाइक सवार जा घुसे। हादसे में शुभम यादव (20) व छोटू (18) की मौत हो गई।
बाइक चला रहा छोटू हेलमेट नहीं लगाए था। सिर फटने से दोनों की सांसें उखड़ गईं। युवक अपने परिवार के इकलौते चिराग थे और शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
प्रभारी निरीक्षक राणा राजेश कुमार सिंह के मुताबिक, जान गंवाने वालों में मोहनलालगंज के गंगा खेड़ा निवासी शुभम यादव व धरमंगत खेड़ा निवासी छोटू है। शुभम एलएलबी का छात्र था और बुधवार को परीक्षा देने के बाद छोटू के परिवार में आयोजित शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाइक से निकला था।
मोहिद्दीनपुर मोड़ के पास सड़क किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। अंधेरा होने के कारण बाइक सवारों को ट्रॉली दिखी नहीं और हादसे का शिकार हो गए। सूचना पर घटनास्थल पर जमावड़ा लग गया। पुलिस को मौके तक पहुंचने में एक घंटा लग गया। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
माता-पिता व बहन के बाद इकलौता बेटा भी हादसे का शिकार
मोहनलालगंज थानाक्षेत्र के रानीखेड़ा निवासी रामकिशोर का पूरा परिवार एक-एक कर हादसे का शिकार हो गया। पहले पत्नी व बेटी के साथ रामकिशोर ने सड़क हादसे में जान गंवा दी और करीब 15 वर्ष बाद उनका इकलौता बेटा शुभम यादव भी हादसे का शिकार हो गया। रानी खेड़ा निवासी रामकिशोर की 15 वर्ष पहले मऊ के पास सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसमें उनकी पत्नी गुड्डी व बेटी पिंकी की भी सांसें थम गई थीं। बेसहारा पांच वर्षीय मासूम शुभम को उनके नाना धरमंगत खेड़ा निवासी सहजराम यादव अपने साथ ले आए और पालन पोषण की जिम्मेदारी उठाई। सहजराम ने उसे स्नातक कराया। शुभम के बुजुर्ग नाना उसे वकील बनाना चाहते थे। शुभम हरिकंश गढ़ी स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर लॉ कालेज में तीसरे सेमेस्टर का छात्र था। लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। बुधवार को हादसे में शुभम की मौत की जानकारी मिलते ही सहजराम के जुबान पर बस एक ही बात थी कि मेरी बेटी की आखिरी निशानी भी भगवान ने छीन ली।
बाइक सवार को रौंदकर भागा ट्रक चालक
निगोहां में आर्यावर्त ग्रामीण बैंक के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार ओम त्रिपाठी (34) की जान ले ली। हादसे की सूचना पर घर में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक निगोहां विनोद कुमार यादव के मुताबिक, रायबरेली के बड़ा गांव रासैता निवासी ओम त्रिपाठी मंगलवार सुबह अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने गया था। वापसी में रात करीब 10.30 बजे निगोहां कस्बे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने आर्यावर्त ग्रामीण बैंक के सामने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे युवक सड़क पर गिर गया और चालक उसे रौंदता हुआ भाग निकला। पेट पर ट्रक के चढ़ने से रक्तस्राव होने की वजह से ओम की मौके पर ही मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, आधार कार्ड से युवक की पहचान हुई। परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस के मुताबिक, ओम एक निजी कंपनी में काम करता था। परिवार में पत्नी रीना देवी व दो बेटियां हैं।