सीतापुर जिले की लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शाहपुर में रविवार देर रात खेत देखकर आ रहे दो किसानों को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी जिससे दोनों किसानों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मार्ग जाम कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। देर रात मौके पर पहुंचे एसडीएम के आश्वासन पर लोगों ने जाम हटाया ।
ग्राम शाहपुर के किसान राजेश (45) और देशराज (40) रात करीब 10 बजे अपने खेत मे लगी फसल देखकर वापस आ रहे थे तभी लहरपुर की तरफ से आ रही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे दोनों किसानों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
ये भी पढ़ें - कम वोट देने वाले बूथों के लिए सपा बनाएगी नई रणनीति, सड़क से सदन तक करेगी संघर्ष
ये भी पढ़ें - ...तो कुमार विश्वास नहीं बनना चाहते एमएलसी, भाजपा ने दिया विधान परिषद सदस्य बनने का प्रस्ताव
दुर्घटना के बाद कार पलट गई और ड्राइवर व उसमें बैठा एक अन्य व्यक्ति मौके से फरार हो गया। किसानों की मौत से नाराज ग्रामीणों ने लहरपुर भदपर मार्ग पर जाम लगा दिया। दुर्घटना की सूचना पर भदपर चौकी पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, परंतु वह असफल रहे। जिस पर उन्होंने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
मौके पर इंस्पेक्टर आलोक मणि त्रिपाठी व भारी पुलिस बल पहुंच गया और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया फिर भी ग्रामीणों से उनकी बात नहीं बनी। रात करीब दो बजे उपजिलाधिकारी अनुपम मिश्र मौके पर पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों को हर संभव सहायता दिए जाने का आश्वासन दिया।
काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने जाम को खोल दिया और पुलिस ने शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि स्थिति सामान्य है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।