लखनऊ। लालबाग स्थित हरि ओम मंदिर में चल रहे आठ दिवसीय गुरु नानक जन्मोत्सव के तीसरे दिन बृहस्पतिवार को भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों के बीच कार्तिक महात्म्य की कथा सुनाई गई। आयोजकों के मुताबिक शुक्रवार को मंदिर में तुलसी विवाह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत असा दी वार और भजन-कीर्तन से हुई। श्रद्धालुओं ने तुलसी माता के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर परिक्रमा की। साथ ही तुलसी माता और शालिग्राम का जलाभिषेक किया। अंत में आरती और पल्लव के बाद गुरु का लंगर वितरित किया गया। इस मौके पर राम बालानी, जय प्रकाश नागपाल, सुरेश छाबलानी, महेश जतयानी, प्रदीप मन्ना, प्रकाश गोधवानी, रमेश बालानी, प्रकाश कृपलानी, रमेश कृपलानी, मीना केसवानी, भावना और हर देवी समेत शहर के कई गणमान्य सिंधी समाज के लोग मौजूद रहे।
हरि ओम मंदिर में तुलसी विवाह आज