बछरावां (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को ट्रक और दुग्ध वाहन टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर एक होटल में घुस गए। हादसे में दुग्ध वाहन चालक और खलासी घायल हो गए। जबकि ट्रक चालक फरार हो गया।
सुबह आठ बजे चुरुवा पश्चिम गांव बाईपास मार्ग पर समोधा चौराहे के पर ट्रक और दुग्ध वाहन में टक्कर हुई। टक्कर के बाद वाहन बेकाबू होकर समोधा निवासी मंगल के होटल में घुस गए। इससे दुकान पर रखी मेज, कुर्सियां, समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। दुकानदार ने बताया कि 20 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
वहीं दुग्ध वाहन चालक चंद्रपाल (40) निवासी मोती का पुरवा थाना लालगंज व खलासी अनुज (28) निवासी सलेमपुर थाना हुसैनगंज जिला फतेहपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर प्रभात ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। कोतवाल विजेंद्र शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।