बछरावां (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के बछरावां-मौरावां हाईवे पर इचौली चौराहे के पास डीसीएम व ट्रक की आमने-सामने से टक्कर हो गई । हादसे में डीसीएम चालक की घटनास्थल पर मौत हो गई। डीसीएम पर सवार उसके परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। उन्हें सीएचसी पहुंचाया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
शुक्लागंज थाना गंगाघाट जिला उन्नाव निवासी सुरेश कुमार (39) पुत्र देवी प्रसाद निवासी डीसीएम पर भाड़ा लादकर बुधवार शाम अयोध्या गया था। डीसीएम पर उसका परिवार भी था। बृहस्पतिवार को सुबह अयोध्या से वह लौट रहा था। बछरावां-मौरावां मार्ग पर इचौली चौराहे के पास एक ट्रक मौरावां की ओर से आ रहा था। डीसीएम बछरावां से मौरावां की ओर जा रही थी।
इचौली चौराहे के पास दोनों में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में डीसीएम चालक सुरेश कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी पत्नी पूजा (36), गुनगुन (35) पत्नी गोपुलाल, दिव्यांशी (2) पुत्री सुरेश, आयुष दो माह पुत्र दीपक घायल हो गए।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर अमित सिंह ने सभी का प्राथमिक उपचार किया।
बताते हैं कि डीसीएम चालक सुरेश कुमार बीते 15 वर्षों से चालक का काम कर परिवार का पालन पोषण करता था। बुधवार को परिवार को लेकर अयोध्या दर्शन कराने के लिए ले गया था ।
सुरेश की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाली प्रभारी ओम प्रकाश तिवारी ने बताया कि जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। चालक मौके से भाग गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।