काकोरी। दुबग्गा में सोमवार रात घरेलू कलह से परेशान फर्नीचर कारीगर ने दशहरी गांव के पास ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। घरवालों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। दुबग्गा के सिकरौरी गांव निवासी मोहम्मद जैद (23) सोमवार सुबह घर से बिना कुछ बताए निकल गए थे। रात करीब 8:30 बजे उन्होंने घर से तीन किमी दूर खुदकुशी कर ली। रेलवे ट्रैक पर शव को देखकर राहगीरों ने पुलिस को जानकारी दी। शव की तलाशी में मिले मोबाइल के जरिये पुलिस ने जैद के घरवालों को सूचना दी। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर रिश्तेदार बाबादीन ने शव की शिनाख्त जैद के रूप में की। उसके परिवार में पत्नी रुबीना और सात महीने का बेटा है। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि परिजनों से कोई शिकायत नहीं मिली है। घटना की जांच की जा रही है।