रायबरेली। पिछले चार दिनों से हर रोज निरस्त हो रही त्रिवेणी एक्सप्रेस अब अगले आदेश तक नहीं चला पाएगी। पीलीभीत क्षेत्र में भारी बारिश से प्रभावित ट्रेनों का संचालन पटरी पर लौटने के बाद त्रिवेणी एक्सप्रेस चलाई जाएगी। दूसरी तरफ बरेली और शाहजहांपुर के बीच ट्रेनों की रफ्तार बहुत धीमी होने के कारण लेटलतीफी बढ़ी है। इसी वजह से रायबरेली में भी ट्रेनें देर से पहुंच रही हैं।
शनिवार को त्रिवेणी एक्सप्रेस फिर निरस्त रही। यह गाड़ी बुधवार से हर रोज आदेश आने पर निरस्त हो रही है। अब एक नया आदेश आया है, इसमें कहा गया है कि अगले आदेश तक यह गाड़ी नहीं चलेगी। शक्ति नगर/सिंगरौली और टनकपुर के बीच दौड़ने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस का संचालन तभी पटरी पर लौटेगा, जब पीलीभीत क्षेत्र में बारिश की वजह से बिगड़ी व्यवस्था दुरुस्त होगी।
खटीमा-बनबसा और शाही-पीलीभीत रेल खंडों में परिचालन कारणों की वजह से कई ट्रेनें प्रभावित हो गई हैं, जिनमें इस जिले से होकर गुजरने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस भी शामिल है। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि त्रिवेणी एक्सप्रेस को फिलहाल निरस्त किया गया है। व्यवस्था दुरुस्त होने के बाद यह गाड़ी पटरी पर लौटेगी।
शनिवार को सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस पौने दो घंटे, अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल सवा दो घंटे, चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस सवा घंटे देर से आई। प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस आधे घंटे देर से पहुंची, जिसे पास कराने के लिए रायबरेली-कानपुर पैसेंजर लक्ष्मणपुर स्टेशन पर 25 मिनट रुकी।
लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर, कानपुर-प्रयागराज इंटरसिटी पौन घंटे, दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस, प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, प्रयागराज-कानपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, बनारस-नई दिल्ली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस आधे घंटे देर से आई। शुक्रवार देर रात प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर, बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस सवा घंटे, नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस आधे घंटे देर से आई।