मतगणना के लिए DGP मुख्यालय ने किए त्रिकोणीय सुरक्षा प्रबंध
- फोटो : अमर उजाला
नगर निकाय चुनाव और स्वार एवं छानबे विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना को शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने के लिए डीजीपी मुख्यालय ने त्रिकोणीय सुरक्षा प्रबंध किए है। राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में आउटर कार्डन, इनर कार्डन एवं आइसोलेशन कार्डन बनाकर त्रिकोणीय सुरक्षा प्रबंधन में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ), पीएसी, जनपदीय पुलिस तथा होमगार्ड की तैनाती की गई है।
स्पेशल डीजी कानून-व्यवस्था एवं अपराध प्रशांत कुमार ने बताया कि निकाय चुनाव की मतगणना के लिए 151 एडिशनल एसपी, 467 डिप्टी एसपी, 2096 निरीक्षक, 11,445 उपनिरीक्षक, 18,353 मुख्य आरक्षी, 49,650 आरक्षी, 5869 होमगार्ड, 87 कंपनी पीएसी एवं 35 कंपनी सीएपीएफ की तैनाती की गई है। वहीं स्वार एवं छानबे उपचुनाव की मतगणना के लिए दो एडिशनल एसपी, छह डिप्टी एसपी, 24 निरीक्षक, 83 उपनिरीक्षक, 261 मुख्य आरक्षी, 471 आरक्षी एवं छह कंपनी सीएपीएफ तैनात किया गया है।
मतगणना के लिए समस्त पुलिस प्रबंध तीन पालियों में करते हुए स्ट्राइकिंग रिजर्व का प्रबंध किया गया है। मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी मॉनीटरिंग, वायरलेस सेट, टेलीफोन आदि संचार सुविधाओं से युक्त एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। केंद्रों के समस्त प्रवेश द्वारों पर प्रवेश नियंत्रण योजना लागू की गई है। वहीं परिणाम घोषित होने के बाद विजय जुलूस निकालने पर पाबंदी लगाई गई है। साथ ही, सोशल मीडिया सेल को भी सक्रिय किया गया है। समस्त संवेदनशील क्षेत्रों में समुचित पुलिस बल तैनात किया गया है। पीआरवी वाहनों को तैनात करते हुए पेट्रोलिंग, फुट पेट्रोलिंग और फ्लैग मार्च कराया जा रहा है।