लखनऊ। टोल वाले रास्तों पर रोडवेज बसों का सफर महंगा हो गया है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने एक से छह रुपये तक किराया बढ़ा दिया है। इससे लखनऊ से प्रयागराज, वाराणसी, बहराइच, गोरखपुर और दिल्ली जाना महंगा हो गया है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम लखनऊ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने बताया कि टोल की दरें बढ़ने के चलते लखनऊ से संचालित होने वाली कुछ रूटों की बसों का किराया बढ़ा दिया गया है। किराये की नई दरें लागू हो गई हैं। आलमबाग से प्रयागराज जाने वाली बस का किराया 302 रुपये से बढ़कर 308 रुपये, आलमबाग से वाराणसी का किराया 473 से बढ़कर 476 रुपये, कैसरबाग डिपो से बहराइच का किराया 192 रुपये से बढ़कर 193 रुपये, कैसरबाग से गोरखपुर का किराया 435 से बढ़कर 437 रुपये, कैसरबाग से दिल्ली का किराया 776 रुपये से बढ़कर 781 रुपये हो गया है।