ट्रैवल एजेंसी के मैनेजर और कर्मी को पीटा
आलमबाग। कृष्णानगर के नारायणपुरी निवासी ट्रैवल एजेंसी के मैनेजर वैभव जायसवाल ने तीन लोगों पर उन्हें व उनके कर्मी को पीटने का आरोप लगाते हुए मानकनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। वैभव ने बताया कि मानकनगर के बाराबिरवा स्थित न्यू सिंह बस सर्विस में काम करते है। 31 अक्तूबर की रात करीब 11 बजे विनीत, आशीष लाला और रजत स्कूटी से एजेंसी पहुंचे थे। तीनों ने एजेंसी के कर्मी गुरुप्रसाद को दफ्तर के बाहर बुलाया और पीटना शुरू कर दिया था। शोर सुन जब वैभव बाहर आए और बीच-बचाव करने लगे तो उनकी भी पिटाई कर दी। लोगों के जुटने पर आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। थानाध्यक्ष मानकनगर अजीत कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।