गोसाईंगंज। महुरा कला गांव में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर के खंभे में टक्कर मार दी। हादसे में खंभा समेत ट्रांसफार्मर जमीन पर गिर गया। गिरते ही ट्रांसफार्मर में आग लग गई और तेज लपटें उठने लगीं। आग की लपटें देखकर ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पावर हाउस को दी, जिसके बाद विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई। ग्रामीणों ने किसी तरह मिट्टी और बालू डालकर आग पर काबू पाया। हादसे के बाद आधे गांव की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। गांव के आनंद विश्वकर्मा ने बताया 30 से अधिक परिवार मंगलवार रात से ही बिना बिजली के रहने को मजबूर हैं। बुधवार शाम तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जा सका।